ईरान को खुफिया जानकारी मिलने की आशंका, अमेरिकी सैनिकों पर सोशल मीडिया को लेकर सख्ती
वाशिंगटन। मिडिल ईस्ट में तैनात अमेरिकी सेना के शीर्ष कमांडर ने सैनिकों को कड़ा अलर्ट जारी किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे मोबाइल वीडियो के जरिए ईरान को अमेरिकी सैन्य ठिकानों को आसानी से निशाना बनाने में मदद मिल रही है।
सैनिकों के मोबाइल फोन जमा कराने की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, संवेदनशील इलाकों में तैनात कुछ अमेरिकी सैनिकों को जल्द ही अपने मोबाइल जमा करने के निर्देश दिए जा सकते हैं। अगर संचार व्यवस्था पर इस तरह की रोक लगाई जाती है, तो इससे वहां तैनात हजारों सैनिकों के लिए नई मुश्किलें खड़ी हो जाएंगी, जो अपने परिजनों से संपर्क में रहने के लिए इन फोन्स का इस्तेमाल करते हैं।
ऑनलाइन फुटेज का फायदा उठा रहा ईरान
एडमिरल ब्रैड कूपर ने एक पत्र के जरिए बताया कि ईरान पत्रकारों की खबरों और सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई तस्वीरों व वीडियो के जरिए अपने हमलों के असर को तुरंत ट्रैक कर रहा है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के सेलफोन से ली गई तस्वीरें और फुटेज दुश्मन के लिए बेहद मददगार साबित हो रहे हैं।