दतिया उपचुनाव: बूथ कैप्चरिंग के आरोप पर भाजपा का पलटवार, कांग्रेस पर हार के डर से सवाल उठाने का आरोप
भोपाल। दतिया उपचुनाव में मतदान के बाद सियासी बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार द्वारा बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगाए जाने पर भाजपा ने कड़ा पलटवार किया है।
भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस को चुनाव परिणाम आने तक इंतज़ार करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि हार की आशंका से घबराई कांग्रेस पहले ही ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगी है। आशीष अग्रवाल ने दावा किया कि दतिया में कांग्रेस विकास के मुद्दे पर जनता के बीच जाने में पूरी तरह विफल रही और कई बूथों पर उसके कार्यकर्ता तक मौजूद नहीं थे।

भाजपा मीडिया प्रभारी ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के आदिवासी समाज और बिरसा मुंडा को लेकर दिए गए बयान पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि सिंघार का बयान महान स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा का अपमान है, जिसे भाजपा किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी।