राहुल गांधी स्क्रिप्टेड भाषण और विभेद की राजनीति से बचें: विश्वास सारंग
संचिता सुषमा वाल्के
भोपाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मध्य प्रदेश दौरे को लेकर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि सरकार ने राहुल गांधी के दौरे की अनुमति न तो रोकी थी और न ही उनके दौरे का विरोध किया जा रहा था। उन्होंने राहुल गांधी से अपील करते हुए कहा कि वे स्क्रिप्टेड भाषण देने के बजाय गंभीर मुद्दों पर बात करें और देश को तोड़ने वाली भाषा से बचें।
सारंग ने कहा कि राहुल गांधी को विभेद की राजनीति नहीं करनी चाहिए और राजनीतिक संवाद का स्तर बनाए रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जब भी बोलते हैं, तो देश को तोड़ने वाली बातें सामने आती हैं। सारंग ने कहा कि राहुल गांधी वर्ग संघर्ष फैलाने की कोशिश करते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इसके लिए पूरी तरह राहुल गांधी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता, क्योंकि उनके अनुसार उन्हें लोग स्क्रिप्टेड भाषण देते हैं और वे वही बोलते हैं।
मास्टर प्लान को लेकर कांग्रेस पर निशाना
पुराने भोपाल के मास्टर प्लान को लेकर कांग्रेस नेता पीसी शर्मा के उपवास पर बैठने के मामले में भी मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को विकास से कोई लेना-देना नहीं है, बल्कि उसका उद्देश्य केवल राजनीति करना है। उन्होंने कहा कि भोपाल के विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह तत्पर और कटिबद्ध है।
ओवैसी के कार्यक्रम को लेकर बोले सारंग—धर्म और जाति के नाम पर वर्ग संघर्ष न कराएं
पुराने भोपाल में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रम को लेकर सारंग ने कहा कि हिंदुस्तान का कोई भी नागरिक देश में कहीं भी आ सकता है। हालांकि उन्होंने सलाह दी कि धर्म और जाति के नाम पर वर्ग संघर्ष पैदा करने से बचना चाहिए।
सारंग ने कहा कि जनता ने यदि किसी नेता को सदन में भेजा है तो उसे अपनी जिम्मेदारी का सही तरीके से निर्वहन करना चाहिए। नेताओं को देश को जोड़ने का काम करना चाहिए, तोड़ने का नहीं। उन्होंने ओवैसी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके अनुसार ओवैसी जहां जाते हैं, वहां अनर्गल बातें करते हैं और हिंदुओं के विरोध में बयान देते हैं।
कांग्रेस पर शेर के जरिए तंज
कांग्रेस पर राजनीतिक तंज कसते हुए मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शेर पढ़ा—
“घुटने से झुके हुए लोग, कोहनी से टिके हुए लोग, बरगद की बात करते हैं, गमले में लगे हुए लोग।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तुलना नहीं करनी चाहिए। सारंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वैश्विक नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश में विकास और कल्याण की राजनीति को आगे बढ़ाया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया में भारत के सम्मान को बढ़ाने का काम किया है।