नेटवर्क सुरक्षा, साइबर धोखाधड़ी पर रोक और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार पर मंथन

संचिता सुषमा वाल्के 

भोपाल। मध्यप्रदेश में सुरक्षित, विश्वसनीय और सुदृढ़ दूरसंचार व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से भोपाल में दूरसंचार विभाग, एमपी एलएसए द्वारा कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। निजी होटल हयात बंसल प्लाजा में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कॉन्क्लेव में विकसित भारत-2047 और आत्मनिर्भर भारत के विजन को ध्यान में रखते हुए दूरसंचार क्षेत्र की भूमिका, भविष्य की चुनौतियों और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। केंद्र एवं राज्य सरकार के संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ निजी कंपनियों और विभिन्न दूरसंचार ऑपरेटरों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

कार्यक्रम में आशीष पाठक, अतिरिक्त महानिदेशक दूरसंचार, एमपी एलएसए, आनंद खरे, महानिदेशक दूरसंचार विभाग तथा पंकज कुमार श्रीवास्तव, विशेष पुलिस महानिदेशक (सीआईडी), पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कॉन्क्लेव में नेटवर्क की सुरक्षा एवं सुदृढ़ता, सेवा की गुणवत्ता, राइट ऑफ वे से जुड़े मुद्दे, दूरसंचार धोखाधड़ी पर रोक, वंचित एवं कम सेवा वाले क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी का विस्तार तथा समावेशी और सतत दूरसंचार विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया गया।

आयोजकों के अनुसार कॉन्क्लेव का उद्देश्य दूरसंचार क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और मध्यप्रदेश में सुरक्षित, विश्वसनीय एवं मजबूत दूरसंचार व्यवस्था के लिए भविष्य की कार्ययोजना तैयार करना है।