प्रसाधन जो अब तक था नि:शुल्क, अब उसके लिए देना होगा शुल्क
रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर 1 तारीख से लागू हुई नई व्यवस्था, प्रसाधनों पर चस्पा की गई रेट लिस्ट
संचिता सुषमा वाल्के
भोपाल। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को अब प्रसाधन के इस्तेमाल के लिए शुल्क देना होगा। 1 तारीख से स्टेशन के प्रसाधनों के उपयोग पर शुल्क वसूली शुरू कर दी गई है। अब तक यात्रियों और आम जनता के लिए नि:शुल्क उपलब्ध प्रसाधनों का इस्तेमाल बिना भुगतान के नहीं किया जा सकेगा।

स्टेशन परिसर में प्रसाधनों के बाहर बाकायदा रेट लिस्ट चस्पा कर दी गई है, जिसमें अलग-अलग सुविधाओं के लिए निर्धारित शुल्क की जानकारी दी गई है। इस नई व्यवस्था के बाद यात्रियों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
यात्रियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन पर प्रसाधन जैसी बुनियादी सुविधा के लिए शुल्क लगाया जाना उचित नहीं है। उनका कहना है कि अब रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के प्रसाधनों और नगर निगम के सार्वजनिक प्रसाधनों में कोई अंतर नहीं रह गया है।

जानकारी के मुताबिक, स्टेशन के प्रसाधनों के संचालन का ठेका जीवन ज्योति संस्थान को दिया गया है। इसके बाद प्रसाधनों के उपयोग के लिए शुल्क निर्धारित किया गया है।
यात्रियों का सवाल है कि रेलवे स्टेशन पर पहले से उपलब्ध नि:शुल्क सुविधा के लिए अब शुल्क क्यों लिया जा रहा है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की है।