भोपाल,  दुष्यंत कुमार स्मारक पांडुलिपि संग्रहालय में आयोजित वृक्ष मित्र गुरु सम्मान समारोह एवं काव्य गोष्ठी में समाजसेवी एवं पर्यावरण प्रेमी सुनील दुबे को उनके उल्लेखनीय सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यों के लिए 132वें सम्मान से सम्मानित किया गया। समारोह में पद्मश्री नारायण व्यास, उषा खरे, महेश सक्सेना एवं राजेश तिवारी ने सुनील दुबे को सम्मानित किया।

सुनील दुबे पूर्व में राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से भी सम्मानित हो चुके हैं। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं देने के साथ-साथ उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया है। वे अपने संपूर्ण वेतन के साथ-साथ सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली पेंशन का उपयोग भी समाज सेवा एवं पौधरोपण जैसे कार्यों में कर रहे हैं।

वृक्ष मित्र सुनील दुबे पिछले कई वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर अभियान चला रहे हैं। वे पांच राज्यों में पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उनके इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाना और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण तैयार करना है।

समारोह में उपस्थित साहित्यकारों एवं समाजसेवियों ने सुनील दुबे के पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी है। सुनील दुबे का सम्मान पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे उनके निरंतर प्रयासों को मिली महत्वपूर्ण पहचान है।